श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने और अनुच्छेद 370 हटाए जाने के 5 साल बाद, वहां पहली निर्वाचित सरकार का गठन हो गया है। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने 16 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उन्हें शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (SKICC) में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
सुरिंदर चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है, जो जम्मू क्षेत्र से आते हैं, ताकि दोनों क्षेत्रों (कश्मीर और जम्मू) में संतुलन बना रहे। कांग्रेस, जिसने एनसी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था, ने फिलहाल सरकार में शामिल न होकर बाहर से समर्थन देने का फैसला किया है।
उमर अब्दुल्ला के सामने सबसे बड़ी चुनौती जम्मू-कश्मीर के पूर्ण राज्य (Statehood) के दर्जे को बहाल करना और एलजी के पास मौजूद शक्तियों के बीच काम करना होगा। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत 'इंडिया' गठबंधन के कई नेता मौजूद रहे।