बेंगलुरु/मुंबई: कन्नड़ सुपरस्टार यश (Yash) की फिल्म 'KGF Chapter 2' ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। 14 अप्रैल को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन कमाई के मामले में 'बाहुबली 2' और 'वॉर' जैसी फिल्मों को चुनौती दे दी है। हिंदी बेल्ट में फिल्म ने पहले दिन 53.95 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जो हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग है। विश्व स्तर पर पहले दिन की कमाई 134 करोड़ के पार पहुंच गई है।
फिल्म में यश का 'रॉकी भाई' वाला अंदाज, संजय दत्त का खूंखार विलेन 'अधीरा' का किरदार और रवीना टंडन की दमदार भूमिका ने दर्शकों को सीट से बांधे रखा। प्रशांत नील के निर्देशन और रवि बसरूर के बैकग्राउंड म्यूजिक ने सिनेमाघरों में सीटी-तालिओं का शोर मचा दिया है। खासकर 'वायलेंस, वायलेंस, वायलेंस' वाला डायलॉग सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।
फिल्म की सफलता ने साबित कर दिया है कि साउथ सिनेमा का डंका अब पूरे भारत में बज रहा है। ट्रेड पंडितों का मानना है कि KGF 2 आसानी से 1000 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी। यश अब एक पैन-इंडिया सुपरस्टार बन चुके हैं, जिनकी लोकप्रियता शाहरुख और सलमान को टक्कर दे रही है।