मुंबई: बॉलीवुड की सबसे चर्चित और पसंदीदा जोड़ी रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और आलिया भट्ट (Alia Bhatt) आखिरकार एक-दूजे के हो गए हैं। 14 अप्रैल को बांद्रा स्थित रणबीर के घर 'वास्तु' में बेहद निजी समारोह में दोनों ने शादी कर ली। 5 साल के लंबे रिलेशनशिप के बाद, इस 'रॉयल वेडिंग' में केवल परिवार के सदस्य और बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हुए, जिसमें करीना कपूर, सैफ अली खान, करण जौहर और अयान मुखर्जी प्रमुख थे।
शादी की तस्वीरें आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गईं। दोनों ने सब्यसाची द्वारा डिजाइन किए गए आइवरी (Ivory) और गोल्ड कलर के आउटफिट पहने थे, जो पारंपरिक लाल रंग से बिल्कुल अलग और क्लासी थे। आलिया ने अपनी पोस्ट में लिखा, "आज, अपने परिवार और दोस्तों के बीच, घर पर... हमारी पसंदीदा जगह- जिस बालकनी में हमने अपने रिश्ते के पिछले 5 साल बिताए हैं- हमने शादी कर ली।"
कपूर खानदान के लिए यह बहुत भावुक पल था, क्योंकि ऋषि कपूर की कमी साफ खल रही थी। रणबीर ने अपनी महंदी में ऋषि कपूर की तस्वीर हाथ में लेकर डांस किया था। शादी के बाद दोनों ने मीडिया के सामने आकर पोज दिए और रणबीर अपनी दुल्हनिया को गोद में उठाकर घर के अंदर ले गए। बॉलीवुड सितारों ने इस 'पॉवर कपल' को नई शुरुआत के लिए ढेर सारी बधाइयां दी हैं।