रेडमंड (अमेरिका): टेक दिग्गज माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) ने गेमिंग इंडस्ट्री के इतिहास की सबसे बड़ी डील (Biggest Deal) का ऐलान किया है। सत्य नडेला की अगुवाई वाली कंपनी ने वीडियो गेम कंपनी Activision Blizzard को 68.7 अरब डॉलर (करीब 5.1 लाख करोड़ रुपये) में खरीदने की घोषणा की है। यह पूरी तरह से कैश डील होगी। इस अधिग्रहण के साथ माइक्रोसॉफ्ट दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी गेमिंग कंपनी बन जाएगी (Tencent और Sony के बाद)।
इस डील का मतलब है कि 'Call of Duty', 'Warcraft', 'Candy Crush' और 'Diablo' जैसे सुपरहिट गेम्स अब माइक्रोसॉफ्ट के पास होंगे। इसका सीधा फायदा माइक्रोसॉफ्ट के Xbox गेम पास (Game Pass) को मिलेगा। सत्य नडेला ने कहा, "गेमिंग आज के समय में मनोरंजन का सबसे गतिशील और रोमांचक हिस्सा है और यह मेटावर्स (Metaverse) के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।"
यह सौदा ऐसे समय में हुआ है जब एक्टिविजन अपने वर्कप्लेस कल्चर को लेकर विवादों में थी। इस खबर के बाद सोनी (PlayStation) के शेयरों में भारी गिरावट आई है। गेमर्स के बीच बहस छिड़ गई है कि क्या 'कॉल ऑफ ड्यूटी' अब सिर्फ Xbox और PC पर ही आएगा या PlayStation पर भी रहेगा।