मुंबई: टी20 वर्ल्ड कप जीतकर बारबाडोस से लौटी भारतीय क्रिकेट टीम का 4 जुलाई को मुंबई में ऐसा स्वागत हुआ जिसे देखकर पूरी दुनिया दंग रह गई। मरीन ड्राइव से लेकर वानखेड़े स्टेडियम तक लाखों फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा। 'विजय रथ' (ओपन बस) पर सवार रोहित शर्मा, विराट कोहली और पूरी टीम ने ट्रॉफी लहराकर फैंस का अभिवादन किया।
भीड़ इतनी ज्यादा थी कि बस को 1 किलोमीटर का सफर तय करने में घंटों लग गए। वानखेड़े स्टेडियम में 'वंदे मातरम' के नारों ने रोंगटे खड़े कर दिए। रोहित शर्मा ने भावुक होकर कहा, "यह ट्रॉफी पूरे देश के लिए है।" विराट कोहली ने जसप्रीत बुमराह को 'राष्ट्रीय धरोहर' (National Treasure) बताया।
इससे पहले सुबह टीम ने पीएम मोदी से दिल्ली में मुलाकात की थी। बीसीसीआई ने टीम को 125 करोड़ रुपये की इनामी राशि का चेक सौंपा। यह दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 1983 और 2011 के बाद सबसे बड़े जश्न के रूप में याद किया जाएगा।