नई दिल्ली: भारी बारिश और बाढ़ के बाद देश के कई हिस्सों, विशेषकर दिल्ली-एनसीआर, महाराष्ट्र और गुजरात में कंजंक्टिवाइटिस (Conjunctivitis) यानी 'आई फ्लू' (Eye Flu) के मामलों में भारी उछाल आया है। अस्पतालों की ओपीडी में आंखों के मरीजों की संख्या 50% तक बढ़ गई है। इसे 'पिंक आई' (Pink Eye) भी कहा जा रहा है। संक्रमण इतना तेजी से फैल रहा है कि कई स्कूलों ने संक्रमित बच्चों को घर पर रहने की सलाह दी है और कुछ जगह ऑनलाइन क्लास शुरू कर दी गई हैं।
लक्षण: आंखों का लाल होना, जलन, खुजली, आंखों से चिपचिपा पानी आना और सुबह पलकों का चिपक जाना।
बचाव: डॉक्टरों ने काला चश्मा पहनने, बार-बार हाथ धोने और आंखों को छूने से बचने की सलाह दी है। यह एक दूसरे के संपर्क (तौलिया, तकिया आदि साझा करने) से फैलता है, न कि संक्रमित व्यक्ति की आंखों में देखने से।
एम्स (AIIMS) दिल्ली ने कहा है कि रोज 100 से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। यह वायरल और बैक्टीरियल दोनों तरह का हो सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे डॉक्टर की सलाह के बिना कोई भी आई ड्रॉप न डालें, खासकर स्टेरॉयड वाली ड्रॉप्स से बचें।