मुंबई: सात साल बाद निर्देशन में लौटे करण जौहर (Karan Johar) की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' 28 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। रणवीर सिंह और आलिया भट्ट स्टारर इस फिल्म ने दर्शकों को एक बार फिर बॉलीवुड के उस दौर की याद दिला दी है जब फिल्में भव्य सेट, शानदार गाने और पारिवारिक ड्रामे से भरपूर होती थीं। समीक्षकों ने इसे "परफेक्ट फैमिली एंटरटेनर" करार दिया है।
रणवीर सिंह 'रॉकी रंधावा' के रूप में ऊर्जा से भरपूर हैं, जबकि आलिया भट्ट बंगाली पत्रकार 'रानी चटर्जी' के किरदार में जंच रही हैं। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र और शबाना आजमी के बीच के किसिंग सीन (Kissing Scene) की हो रही है, जिसने सबको चौंका दिया। जया बच्चन का कड़क किरदार भी तारीफें बटोर रहा है।
फिल्म ने पहले दिन लगभग 11.10 करोड़ रुपये की कमाई की, जो एक अच्छी शुरुआत मानी जा रही है। फिल्म का संगीत और 'झुमका' गाना पहले ही हिट हो चुका है। दर्शकों का कहना है कि यह फिल्म हंसाती भी है और रुलाती भी है। करण जौहर ने साबित कर दिया है कि रोमांस और इमोशन के मामले में उनका कोई सानी नहीं है।