मुंबई: ईद के मौके पर सलमान खान (Salman Khan) ने अपने फैंस को फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' (KKBKKJ) का तोहफा दिया है। 21 अप्रैल को रिलीज हुई इस मल्टी-स्टारर फिल्म का फैंस ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। फिल्म में पूजा हेगड़े, वेंकटेश दग्गुबाती और शहनाज गिल भी अहम भूमिकाओं में हैं। यह चार साल बाद ईद पर सलमान की थिएटर रिलीज है।
हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत उम्मीद से थोड़ी धीमी रही। पहले दिन फिल्म ने करीब 15.81 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो सलमान की पिछली ईद रिलीज (जैसे सुल्तान, बजरंगी भाईजान) के मुकाबले काफी कम है। समीक्षकों ने फिल्म की कहानी और निर्देशन की आलोचना की है, लेकिन 'भाईजान' के फैंस को उनका एक्शन और स्टाइल पसंद आ रहा है।
'नैयो लगदा' और 'बिल्ली बिल्ली' गाने पहले ही हिट हो चुके थे। फिल्म में साउथ और नॉर्थ के कल्चर का मिक्सचर है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ईद की छुट्टियों में फिल्म की कमाई बढ़ सकती है। यह फिल्म सलमान के स्टारडम की अग्निपरीक्षा साबित हो रही है।