चटगांव: युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन (Ishan Kishan) ने बांग्लादेश के खिलाफ तीसरे वनडे में इतिहास रच दिया है। रोहित शर्मा के चोटिल होने के कारण टीम में शामिल किए गए ईशान ने मौके का ऐसा फायदा उठाया कि दुनिया देखते रह गई। उन्होंने महज 126 गेंदों में दोहरा शतक (200 रन) जड़कर वनडे क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने क्रिस गेल (138 गेंद) का रिकॉर्ड तोड़ा।
ईशान ने 131 गेंदों में 210 रनों की पारी खेली, जिसमें 24 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के शामिल थे। वह सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा के बाद वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। साथ ही, वह ऐसा करने वाले दुनिया के सबसे युवा (24 साल) खिलाड़ी भी हैं। विराट कोहली ने दूसरे छोर से उनका हौसला बढ़ाया और खुद भी 3 साल बाद वनडे शतक (113 रन) लगाया।
भारत ने 409 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और बांग्लादेश को 227 रनों से हराकर मैच जीत लिया, हालांकि सीरीज 1-2 से गंवा दी। ईशान ने मैच के बाद कहा, "मैं 300 रन भी बना सकता था क्योंकि अभी काफी ओवर बाकी थे।" उनकी इस पारी ने ओपनिंग स्लॉट के लिए चयनकर्ताओं की सिरदर्दी बढ़ा दी है।