मुंबई: शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की कमबैक फिल्म 'पठान' (Pathaan) रिलीज से पहले ही भारी विवादों में घिर गई है। फिल्म का पहला गाना 'बेशरम रंग' (Besharam Rang) रिलीज होते ही सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में तूफान मच गया है। गाने में दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) द्वारा पहनी गई 'भगवा रंग' (Saffron Color) की बिकिनी पर कुछ संगठनों और नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है।
मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चेतावनी दी है कि अगर गाने के दृश्य और वेशभूषा नहीं बदली गई, तो राज्य में फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी जाएगी। सोशल मीडिया पर #BoycottPathaan ट्रेंड कर रहा है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 'बेशरम रंग' गाने के बोल और भगवा रंग का इस्तेमाल हिंदू भावनाओं को आहत करने के लिए किया गया है। कुछ मुस्लिम संगठनों ने भी फिल्म को अश्लील बताते हुए विरोध किया है।
दूसरी तरफ, शाहरुख खान ने कोलकाता फिल्म फेस्टिवल में इशारों-इशारों में जवाब देते हुए कहा, "दुनिया कुछ भी कर ले, मैं और आप और जितने भी पॉजिटिव लोग हैं, सब जिंदा हैं।" विवाद के बावजूद, गाने ने यूट्यूब पर व्यूज के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यह विवाद फिल्म के लिए पब्लिसिटी का काम कर रहा है या नुकसान पहुंचाएगा, यह तो जनवरी में पता चलेगा।