नई दिल्ली: भारत में इंटरनेट की दुनिया बदलने वाली है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने 27 दिसंबर को आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि 2022 में भारत के 13 प्रमुख शहरों में 5G सेवाएं (5G Services) शुरू कर दी जाएंगी। इन शहरों में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, गुरुग्राम, लखनऊ, पुणे, गांधीनगर, चंडीगढ़, जामनगर और अहमदाबाद शामिल हैं।
दूरसंचार कंपनियां जैसे रिलायंस जियो (Jio), एयरटेल (Airtel) और वोडाफोन आइडिया (Vi) इन शहरों में पहले से ही 5G ट्रायल कर रही हैं। सरकार का कहना है कि 5G तकनीक 4G के मुकाबले 10 से 100 गुना तक तेज इंटरनेट स्पीड देगी। इससे न केवल डाउनलोड स्पीड बढ़ेगी, बल्कि इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), टेली-मेडिसिन और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स को भी नई रफ्तार मिलेगी।
स्पेक्ट्रम की नीलामी 2022 की शुरुआत में होने की उम्मीद है। जियो ने दावा किया है कि वह स्वदेशी तकनीक के साथ सबसे पहले 5G लॉन्च करेगा। एयरटेल भी पूरी तरह तैयार है। हालांकि, ग्राहकों को इसके लिए थोड़ा ज्यादा पैसा चुकाना पड़ सकता है, क्योंकि हाल ही में सभी कंपनियों ने अपने प्रीपेड प्लान महंगे किए हैं। 2022 भारत के लिए डिजिटल क्रांति का एक नया साल होने वाला है।