चंडीगढ़: बॉलीवुड के टैलेंटेड अभिनेता राजकुमार राव (Rajkummar Rao) और उनकी लंबे समय की प्रेमिका पत्रलेखा (Patralekhaa) आखिरकार शादी के बंधन में बंध गए हैं। 15 नवंबर को चंडीगढ़ के एक लक्जरी रिसॉर्ट में दोनों ने सात फेरे लिए। यह शादी बेहद निजी रखी गई थी, जिसमें केवल परिवार और करीबी दोस्त जैसे फराह खान, हुमा कुरैशी और साकिब सलीम शामिल हुए। 11 साल की डेटिंग के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को एक नया नाम दिया है।
शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गईं। राजकुमार राव ने सब्यसाची की डिजाइन की हुई आइवरी कलर की शेरवानी पहनी थी, जबकि पत्रलेखा लाल रंग की पारंपरिक साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। पत्रलेखा की चुनरी पर बंगाली में एक खास संदेश लिखा था- "अमर पोरन भौरा भालोबाशा आमी तोमाये शोरों पोर्लाम" (मैं अपना प्यार भरा दिल तुम्हें सौंपती हूं)।
राजकुमार ने इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर करते हुए लिखा, "आखिरकार 11 साल के प्यार, रोमांस, दोस्ती और मस्ती के बाद, आज मैंने अपनी हर चीज से, अपनी सोलमेट, अपनी सबसे अच्छी दोस्त और अपने परिवार से शादी कर ली। आज मेरे लिए पत्रलेखा का पति कहलाने से बड़ी कोई खुशी नहीं है।" फैंस और बॉलीवुड सितारे इस न्यूली वेड कपल को जमकर बधाइयां दे रहे हैं।