पेरिस: पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को अब तक का सबसे बड़ा झटका लगा है। कुश्ती के फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने वाली विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) को 50 किलोग्राम भार वर्ग के गोल्ड मेडल मैच से ठीक पहले अयोग्य (Disqualified) घोषित कर दिया गया। कारण—उनका वजन निर्धारित सीमा से महज 100 ग्राम अधिक पाया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वजन कम करने के लिए विनेश पूरी रात सोई नहीं, दौड़ती रहीं और यहां तक कि बाल भी कटवा लिए, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। नियमों के मुताबिक, डिस्क्वालीफाई होने के कारण उन्हें सिल्वर मेडल भी नहीं मिलेगा और वे अंतिम स्थान पर रहेंगी। इस खबर से पूरा देश स्तब्ध रह गया। पीएम मोदी ने इसे 'शब्दों से परे दुख' बताया।
इस घटना के बाद विनेश ने कुश्ती से संन्यास (Retirement) का ऐलान कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "मां कुश्ती मेरे से जीत गई, मैं हार गई... अलविदा।" उन्होंने सिल्वर मेडल के लिए खेल पंचाट (CAS) में अपील भी की है, जिस पर फैसले का इंतजार है। विनेश ने सेमीफाइनल में अजेय मानी जाने वाली जापानी पहलवान युई सुसाकी को हराकर बड़ा उलटफेर किया था।