मुंबई: स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के मौके पर रिलीज हुई श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) और राजकुमार राव (Rajkummar Rao) की हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'स्त्री 2' (Stree 2) ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। फिल्म ने अक्षय कुमार की 'खेल खेल में' और जॉन अब्राहम की 'वेदा' के साथ क्लैश के बावजूद एकतरफा जीत हासिल की। पहले दिन फिल्म ने भारत में लगभग 64.80 करोड़ रुपये (प्रेड प्रीव्यू सहित) का नेट कलेक्शन किया।
फिल्म में 'सरकटे का आतंक' और चंदेरी गैंग की वापसी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी की कॉमिक टाइमिंग शानदार है। सबसे बड़ा सरप्राइज अक्षय कुमार और वरुण धवन (भेड़िया) का कैमियो रहा, जिसने मैडॉक सुपरनैचुरल यूनिवर्स (Maddock Supernatural Universe) को और रोमांचक बना दिया है।
समीक्षकों ने इसे 'ब्लॉकबस्टर एंटरटेनर' करार दिया है। फिल्म की कमाई की रफ्तार देखकर लग रहा है कि यह 500 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली है। श्रद्धा कपूर की 'स्त्री' के रूप में वापसी ने साबित कर दिया कि कंटेंट ही किंग है।