कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज (RG Kar Medical College) में एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता ने देश की आत्मा को झकझोर दिया है। 9 अगस्त की रात को ड्यूटी के दौरान सेमिनार हॉल में आराम करने गई डॉक्टर के साथ रेप किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जो दिल्ली के निर्भया कांड की याद दिलाते हैं।
'Reclaim The Night': रात में सड़कों पर उतरा जनसैलाब
इस घटना के विरोध में 14 अगस्त की रात को कोलकाता समेत पूरे बंगाल में लाखों महिलाएं सड़कों पर उतरीं और 'Reclaim The Night' मार्च निकाला। उन्होंने "वी वांट जस्टिस" के नारे लगाए। भीड़ ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ भी की, जिस पर पुलिस को आंसू गैस चलानी पड़ी।
देश भर में ओपीडी बंद, सीबीआई जांच शुरू
कलकत्ता हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पुलिस से लेकर सीबीआई (CBI) को सौंप दी है। वहीं, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के आह्वान पर देश भर के सरकारी और निजी अस्पतालों में डॉक्टरों ने 24 घंटे की हड़ताल की है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। डॉक्टरों की मांग है कि अस्पतालों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं और दोषियों को फांसी दी जाए।