चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के फाइनल मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 8 विकेट से हराकर तीसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया है। एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली केकेआर ने पूरे सीजन की तरह फाइनल में भी एकतरफा प्रदर्शन किया।
पैट कमिंस की 'ऑरेंज आर्मी', जो अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जानी जा रही थी, फाइनल में ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 113 रनों पर ऑलआउट हो गई। मिचेल स्टार्क (2 विकेट), आंद्रे रसेल (3 विकेट) और हर्षित राणा (2 विकेट) ने हैदराबाद के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। जवाब में वेंकटेश अय्यर (52*) की आक्रामक पारी की बदौलत केकेआर ने 10.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
टीम के मेंटर गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) की वापसी केकेआर के लिए लकी चार्म साबित हुई। शाहरुख खान ने मैदान पर आकर खिलाड़ियों को गले लगाया और 'फ्लाइंग किस' देकर जश्न मनाया। सुनील नरेन को 'मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर' (MVP) चुना गया। यह केकेआर का 2012 और 2014 के बाद तीसरा खिताब है।