नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के फैंस का 16 साल का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए महिला प्रीमियर लीग (WPL 2024) के फाइनल में स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली आरसीबी ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 8 विकेट से हराकर अपना पहला खिताब जीत लिया है। जो काम विराट कोहली की पुरुष टीम 16 सालों में नहीं कर पाई, वो काम स्मृति मंधाना की महिला टीम ने दूसरे ही सीजन में कर दिखाया।
फाइनल मुकाबले में आरसीबी की स्पिनरों ने कमाल का प्रदर्शन किया। सोफी मोलिनक्स ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर दिल्ली की कमर तोड़ दी, और दिल्ली की टीम महज 113 रनों पर ढेर हो गई। श्रेयंका पाटिल ने 4 विकेट झटके। जवाब में आरसीबी ने स्मृति मंधाना (31), सोफी डिवाइन (32) और एलिस पेरी (35*) की समझदारी भरी पारियों की बदौलत 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
जीत के बाद पूरी टीम ने मैदान पर जश्न मनाया और फैंस 'आरसीबी-आरसीबी' के नारे लगाते नजर आए। विराट कोहली ने भी वीडियो कॉल करके स्मृति मंधाना और टीम को बधाई दी। एलिस पेरी ने 'ऑरेंज कैप' (सबसे ज्यादा रन) जीती, जबकि श्रेयंका पाटिल ने 'पर्पल कैप' (सबसे ज्यादा विकेट) अपने नाम की।