अहमदाबाद: 19 नवंबर की रात करोड़ों भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बुरे सपने जैसी रही। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर छठी बार विश्व विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही टीम इंडिया (Team India) सबसे महत्वपूर्ण दिन चूक गई और 1.30 लाख दर्शकों से खचाखच भरा स्टेडियम सन्नाटे में डूब गया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम धीमी पिच पर संघर्ष करती दिखी और केवल 240 रन ही बना सकी। केएल राहुल (66) और विराट कोहली (54) ने अर्धशतक जमाए, लेकिन कोई बड़ी साझेदारी नहीं हो पाई। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने भी 47 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे, लेकिन फिर ट्रैविस हेड (Travis Head) ने 137 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलकर मैच का रुख पलट दिया।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने मैच से पहले कहा था कि वह "इतनी बड़ी भीड़ को खामोश करना पसंद करेंगे" और उन्होंने अपनी कप्तानी और गेंदबाजी से यह कर दिखाया। विराट कोहली को 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया, लेकिन उनके चेहरे पर मायूसी साफ थी। पीएम मोदी ने ड्रेसिंग रूम में जाकर खिलाड़ियों को ढांढस बंधाया। यह हार 2003 वर्ल्ड कप फाइनल की कड़वी यादों को ताजा कर गई।