मुंबई: 22 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटे तारा सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि 'हिंदुस्तान जिंदाबाद था, जिंदाबाद है और जिंदाबाद रहेगा'। सनी देओल (Sunny Deol) और अमीषा पटेल (Ameesha Patel) स्टारर फिल्म 'गदर 2' (Gadar 2) 11 अगस्त को रिलीज हुई और इसने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। फिल्म ने ओपनिंग डे पर 40 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ट्रेड पंडितों के सारे अनुमान गलत साबित कर दिए।
सिनेमाघरों में नजारा किसी उत्सव जैसा है। लोग ट्रैक्टरों और ट्रकों में भर-भरकर फिल्म देखने आ रहे हैं। जब सनी देओल स्क्रीन पर हथौड़ा या हैंडपंप उठाते हैं, तो हॉल में तालियों और सीटियों का शोर कान फाड़ देता है। 'मै निकला गड्डी लेके' और 'उड़ जा काले कावां' जैसे रीक्रिएटेड गाने दर्शकों को पुरानी यादों में ले जा रहे हैं।
अक्षय कुमार की 'OMG 2' से क्लैश होने के बावजूद सनी देओल का क्रेज कम नहीं हुआ। सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में तो 'हाउसफुल' के बोर्ड लग गए हैं। 66 साल की उम्र में सनी देओल का एक्शन और डायलॉग डिलीवरी आज भी रोंगटे खड़े कर देती है। फिल्म 500 करोड़ क्लब की ओर तेजी से बढ़ रही है, जो सनी पाजी के करियर की सबसे बड़ी हिट साबित हो रही है।