क्यूपर्टिनो: एपल (Apple) ने अपने सालाना इवेंट WWDC 2023 में एक ऐसा गैजेट लॉन्च किया है जिसे वह 'स्पेशियल कंप्यूटिंग' (Spatial Computing) का नाम दे रहा है। कंपनी ने अपना पहला मिक्स्ड रियलिटी हेडसेट 'एप्पल विजन प्रो' (Apple Vision Pro) दुनिया के सामने पेश किया। टिम कुक ने इसे "वन मोर थिंग" के तहत लॉन्च करते हुए कहा कि यह तकनीक को देखने का नजरिया बदल देगा।
यह हेडसेट पूरी तरह से कंट्रोलर-फ्री है; इसे आप अपनी आंखों की मूवमेंट, हाथों के इशारों और आवाज से कंट्रोल कर सकते हैं। यह आपके कमरे में डिजिटल कंटेंट को ऐसे दिखाता है जैसे वह सच में वहां मौजूद हो। आप इसमें फिल्में देख सकते हैं, काम कर सकते हैं और वीडियो कॉल कर सकते हैं। इसमें 4K से भी बेहतर डिस्प्ले और M2 चिप के साथ एक नया R1 चिप लगा है।
हालांकि, इसकी कीमत ने सबके होश उड़ा दिए हैं। इसकी कीमत 3,499 डॉलर (करीब 2.8 लाख रुपये) रखी गई है और यह अगले साल (2024) अमेरिका में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। टेक एक्सपर्ट्स इसे आईफोन के बाद एपल का सबसे बड़ा इनोवेशन मान रहे हैं, लेकिन इसकी भारी कीमत और बैटरी लाइफ (सिर्फ 2 घंटे) को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।