नई दिल्ली/पेरिस: टाटा समूह (Tata Group) के स्वामित्व वाली एयरलाइन एयर इंडिया (Air India) ने विमानन इतिहास का सबसे बड़ा सौदा करके पूरी दुनिया को चौंका दिया है। एयर इंडिया ने फ्रांस की एयरबस (Airbus) और अमेरिकी कंपनी बोइंग (Boeing) से कुल 470 नए विमान खरीदने का ऑर्डर दिया है। इस डील की कुल कीमत लगभग 70-80 अरब डॉलर (करीब 6 लाख करोड़ रुपये) आंकी जा रही है।
इस सौदे में एयरबस से 250 विमान और बोइंग से 220 विमान खरीदे जाएंगे। इसमें वाइड-बॉडी विमान (A350, B777X) भी शामिल हैं जो भारत से अमेरिका और यूरोप के लिए नॉन-स्टॉप उड़ान भरेंगे। इस ऐतिहासिक घोषणा के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों वीडियो कॉल के जरिए जुड़े। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी इसे "ऐतिहासिक समझौता" बताते हुए कहा कि इससे अमेरिका में 10 लाख नौकरियां पैदा होंगी।
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि यह डील एयर इंडिया को एक विश्व स्तरीय एयरलाइन बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। यह सौदा न केवल भारत के बढ़ते एविएशन मार्केट की ताकत को दिखाता है, बल्कि भारत के अमेरिका और फ्रांस के साथ रणनीतिक संबंधों को भी मजबूत करता है।