मुंबई: चार साल के लंबे वनवास के बाद बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) ने बड़े पर्दे पर ऐसी वापसी की है कि इतिहास रच दिया है। 25 जनवरी को रिलीज हुई फिल्म 'पठान' (Pathaan) ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन (ओपनिंग डे) हिंदी सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाते हुए भारत में 57 करोड़ रुपये (सभी भाषाओं में) का नेट कलेक्शन किया है।
'बेशरम रंग' गाने को लेकर हुए भारी विरोध और बायकॉट ट्रेंड्स का फिल्म पर कोई असर नहीं पड़ा, बल्कि इसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम ने भी दमदार काम किया है। लेकिन सिनेमाघरों में सबसे ज्यादा सीटियां तब बजीं जब सलमान खान (Salman Khan) ने 'टाइगर' के रूप में कैमियो किया। करण-अर्जुन को एक साथ एक्शन करते देख फैंस दीवाने हो गए।
फिल्म ने केजीएफ 2 (हिंदी) और वॉर के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन पहले ही दिन 100 करोड़ के पार पहुंच गया। शाहरुख खान ने साबित कर दिया कि 'किंग इज बैक'। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि यह फिल्म बॉलीवुड के सूखे को खत्म करेगी और आसानी से 500 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी।