नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की घरेलू टी20 सीरीज शुरू होने से ठीक एक दिन पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। नियमित कप्तान रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में कप्तानी करने वाले केएल राहुल (KL Rahul) ग्रोइन इंजरी के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। इसके साथ ही स्पिनर कुलदीप यादव भी चोट के चलते बाहर हैं। बीसीसीआई ने आनन-फानन में युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को टीम का कप्तान नियुक्त किया है, जबकि हार्दिक पांड्या उप-कप्तान होंगे।
24 वर्षीय ऋषभ पंत टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत की कप्तानी करने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं (सुरेश रैना के बाद)। पंत ने कहा, "यह एक बड़ी जिम्मेदारी है, हालांकि यह जिस तरह से आई है वह सही नहीं है (राहुल की चोट)। लेकिन मैं अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।"
इस सीरीज में उमरान मलिक और अर्शदीप सिंह जैसे युवा तेज गेंदबाजों पर भी सबकी नजरें होंगी। केएल राहुल का बाहर होना भारत के लिए चिंता का विषय है क्योंकि इंग्लैंड दौरा भी नजदीक है। पंत के लिए यह एक अग्निपरीक्षा होगी कि वह आईपीएल के अनुभव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैसे लागू करते हैं।