हैदराबाद/मुंबई: एस.एस. राजामौली (SS Rajamouli) की मैग्नम ओपस फिल्म 'RRR' (Rise Roar Revolt) ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही इतिहास रच दिया है। 25 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन वर्ल्डवाइड 223 करोड़ रुपये की कमाई कर 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राम चरण और जूनियर एनटीआर की पावर-पैक्ड परफॉर्मेंस और राजामौली के विजन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।
फिल्म में दो स्वतंत्रता सेनानियों—अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम—की एक काल्पनिक दोस्ती की कहानी दिखाई गई है। फिल्म के गाने 'नाचो नाचो' (Naatu Naatu) पर थिएटर में दर्शक झूमते नजर आए। आलिया भट्ट और अजय देवगन के कैमियो ने फिल्म में चार चांद लगा दिए हैं। वीएफएक्स (VFX) और एक्शन सीन्स हॉलीवुड स्तर के बताए जा रहे हैं।
तेलुगु राज्यों में तो फिल्म का क्रेज ऐसा है कि लोग दूध से पोस्टरों का अभिषेक कर रहे हैं। हिंदी बेल्ट में भी फिल्म ने शानदार ओपनिंग ली है। समीक्षकों ने इसे "मास्टरपीस" और "ब्लॉकबस्टर" करार दिया है। यह फिल्म भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दिलाने की क्षमता रखती है।