पेरिस: 22 वर्षीय निशानेबाज मनु भाकर (Manu Bhaker) ने पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को पहला मेडल दिलाकर इतिहास रच दिया है। 28 जुलाई को उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता। इसके साथ ही वह ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर बन गई हैं।
टोक्यो ओलंपिक में अपनी पिस्टल खराब होने के कारण हुए हार्टब्रेक के तीन साल बाद, मनु ने शानदार वापसी की है। फाइनल में उन्होंने 221.7 का स्कोर किया और सिल्वर मेडल से महज 0.1 अंक से चूक गईं। कोरिया की निशानेबाजों ने गोल्ड और सिल्वर जीता।
मनु की जीत ने भारतीय दल में ऊर्जा भर दी है। पीएम मोदी ने उन्हें फोन कर बधाई दी। मनु ने अपनी जीत के बाद भगवद गीता का जिक्र करते हुए कहा, "कर्म करो, फल की चिंता मत करो।" यह शूटिंग में भारत का 12 साल बाद (2012 लंदन के बाद) पहला ओलंपिक मेडल है।