नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2024 के दूसरे सत्र (Session 2) का परिणाम 24 अप्रैल की रात घोषित कर दिया है। इस बार का रिजल्ट ऐतिहासिक रहा क्योंकि 56 उम्मीदवारों ने परफेक्ट 100 पर्सेंटाइल स्कोर हासिल किया है। इनमें से सबसे ज्यादा छात्र तेलंगाना (15) से हैं, इसके बाद महाराष्ट्र (7) और दिल्ली (6) का नंबर आता है।
जेईई एडवांस्ड (JEE Advanced) के लिए कट-ऑफ में भारी उछाल आया है। सामान्य श्रेणी के लिए कट-ऑफ 93.23 पर्सेंटाइल रही है, जो पिछले 5 सालों में सबसे ज्यादा है। ओबीसी के लिए 79.67 और ईडब्ल्यूएस के लिए 81.32 पर्सेंटाइल कट-ऑफ गई है। करीब 2.5 लाख छात्र अब जेईई एडवांस्ड परीक्षा के लिए पात्र होंगे, जो आईआईटी में प्रवेश का द्वार है।
इस बार रिकॉर्ड 14 लाख से अधिक छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी बढ़ गया। छात्रों के बीच खुशी और निराशा दोनों का माहौल है। अब सभी की निगाहें 26 मई को होने वाली जेईई एडवांस्ड परीक्षा पर टिकी हैं।