मुंबई: विकास बहल द्वारा निर्देशित हॉरर-थ्रिलर फिल्म 'शैतान' (Shaitaan) ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। 8 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्म ने अपने पहले वीकेंड में ही जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 54 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। फिल्म में अजय देवगन (Ajay Devgn), ज्योतिका और आर माधवन (R. Madhavan) मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म में आर माधवन की नेगेटिव भूमिका (वनराज) की जमकर तारीफ हो रही है। उन्होंने अपनी खौफनाक एक्टिंग से दर्शकों को सीट से बांधे रखा। यह फिल्म गुजराती फिल्म 'वश' का रीमेक है, जिसमें काला जादू और वशीकरण की कहानी दिखाई गई है। जानकी बोदीवाला, जिन्होंने बेटी का किरदार निभाया है, ने भी दमदार एक्टिंग की है।
'दृश्यम 2' के बाद अजय देवगन की यह एक और सफल फैमिली थ्रिलर बन गई है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि फिल्म आसानी से 100 करोड़ क्लब में शामिल हो जाएगी। कम बजट और बिना किसी बड़ी मसाला एंटरटेनर के, सिर्फ कंटेंट के दम पर 'शैतान' ने साबित कर दिया कि हॉरर जॉनर का क्रेज अभी भी बरकरार है।