मुंबई: मॉडल और अभिनेत्री पूनम पांडे (Poonam Pandey) ने अपनी मौत की झूठी खबर फैलाकर देश भर में हंगामा मचा दिया। 2 फरवरी को उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट में दावा किया गया था कि उनकी मौत सर्वाइकल कैंसर (Cervical Cancer) से हो गई है। मीडिया और सेलेब्स ने उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया था। लेकिन अगले ही दिन (3 फरवरी) पूनम ने एक वीडियो जारी कर बताया कि, "मैं जिंदा हूं।"
पूनम ने कहा कि उन्होंने यह नाटक सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए किया था, क्योंकि बजट सत्र में सरकार ने इसके लिए टीकाकरण की घोषणा की थी। उन्होंने कहा, "अचानक सब सर्वाइकल कैंसर की बात करने लगे हैं, क्या यह अच्छा नहीं है?" हालांकि, उनका यह तरीका लोगों को रास नहीं आया। सोशल मीडिया पर यूजर्स और कैंसर सर्वाइवर्स ने इसे असंवेदनशील और भद्दा मजाक बताया।
फिल्म संस्थाओं ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। यह घटना सोशल मीडिया पर फेक न्यूज और पब्लिसिटी के गिरते स्तर पर एक बड़ी बहस बन गई है। हालांकि, अनजाने में ही सही, सर्वाइकल कैंसर शब्द गूगल पर टॉप ट्रेंड कर गया।