मुंबई: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में मिली हार के बाद बीसीसीआई ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए टेस्ट और वनडे टीम का ऐलान कर दिया है, जिसमें बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) को खराब फॉर्म के चलते टेस्ट टीम से बाहर (Drop) कर दिया गया है। उनकी जगह युवा सनसनी यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) और ऋतुराज गायकवाड़ को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
अजिंक्य रहाणे को उनके अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है और उन्हें दोबारा टेस्ट टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है। मोहम्मद शमी को आराम दिया गया है, जबकि तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और नवदीप सैनी को टीम में जगह मिली है। रोहित शर्मा ही टीम की कमान संभालेंगे।
सुनील गावस्कर समेत कई पूर्व क्रिकेटरों ने पुजारा को बाहर करने पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि हार का ठीकरा सिर्फ एक खिलाड़ी पर फोड़ना गलत है। हालांकि, यह स्पष्ट है कि चयनकर्ता अब भविष्य की टीम बनाने की ओर देख रहे हैं और युवा खिलाड़ियों को तराशना चाहते हैं। वेस्टइंडीज दौरा जुलाई में शुरू होगा।