मेनलो पार्क: दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स की सबसे बड़ी मांग पूरी कर दी है। मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक पोस्ट के जरिए घोषणा की है कि अब यूजर्स व्हाट्सएप पर भेजे गए मैसेज को एडिट (Edit) कर सकेंगे। यह फीचर उन लोगों के लिए वरदान है जो टाइपिंग की गलतियों (Typos) से परेशान थे या गलत चैट में मैसेज भेज देते थे।
हालांकि, मैसेज एडिट करने के लिए एक समय सीमा तय की गई है। यूजर मैसेज भेजने के 15 मिनट के भीतर ही उसे एडिट कर पाएंगे। एडिट किए गए मैसेज के साथ 'Edited' का लेबल दिखाई देगा, जिससे सामने वाले को पता चल जाएगा कि संदेश में बदलाव किया गया है। लेकिन, एडिट हिस्ट्री (पुराना मैसेज क्या था) दिखाई नहीं देगी।
यह फीचर ग्लोबल रोलआउट के तहत जारी किया गया है और धीरे-धीरे सभी एंड्रॉयड और आईओएस यूजर्स तक पहुंच रहा है। टेलीग्राम और सिग्नल जैसे एप्स में यह सुविधा पहले से मौजूद थी, लेकिन व्हाट्सएप यूजर्स को इसका लंबे समय से इंतजार था। मैसेज को लॉन्ग प्रेस करके मेनू से 'Edit' विकल्प चुना जा सकेगा।