मुंबई: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के पहले ही सीजन में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने अपना दबदबा कायम करते हुए ऐतिहासिक खिताबी जीत दर्ज की है। 26 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को 7 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेली और फाइनल में भी नर्व्स पर काबू रखा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही और टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर सिर्फ 131 रन ही बना सकी। मेग लैनिंग (35 रन) के अलावा कोई बल्लेबाज टिक नहीं पाया। जवाब में मुंबई इंडियंस ने नेट साइवर-ब्रंट (60* रन) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी 37 महत्वपूर्ण रन बनाए।
नीता अंबानी ने मैदान पर आकर खिलाड़ियों को गले लगाया। यह जीत महिला क्रिकेट के लिए एक नए युग की शुरुआत है। स्टेडियम खचाखच भरा हुआ था और दर्शकों का उत्साह देखते ही बनता था। मुंबई इंडियंस ने पुरुषों के आईपीएल की तरह महिला लीग में भी अपनी बादशाहत साबित कर दी है।