केप टाउन: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2023 (Women's T20 World Cup) के सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सपना एक बार फिर टूट गया। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में भारत को महज 5 रनों से हार का सामना करना पड़ा। 173 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 167 रन ही बना सकी। यह हार 2019 वर्ल्ड कप में एमएस धोनी के रन आउट की याद दिला गई।
मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) का दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट रहा। 52 रन बनाकर खेल रहीं हरमनप्रीत का बल्ला क्रीज पर पहुंच गया था लेकिन वह जमीन में अटक गया, जिससे वह रन आउट हो गईं। उस समय भारत जीत की ओर बढ़ रहा था। जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 43 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन उनके आउट होने के बाद पारी लड़खड़ा गई।
मैच के बाद हरमनप्रीत कौर अपने आंसुओं को रोकने के लिए काला चश्मा पहनकर आईं और कहा, "इससे ज्यादा बदकिस्मती नहीं हो सकती।" ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर फाइनल में पहुंच गया है। भारतीय लड़कियों ने शानदार जज्बा दिखाया लेकिन नॉकआउट मैचों का दबाव एक बार फिर उन पर भारी पड़ा।