नई दिल्ली: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने साल की शुरुआत में ही युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। आयोग ने मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) और हवलदार (CBIC & CBN) परीक्षा 2022 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार रिकॉर्ड 11,409 रिक्तियों (MTS: 10,880 + हवलदार: 529) के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन की प्रक्रिया 18 जनवरी से शुरू हो गई है और 17 फरवरी 2023 तक चलेगी।
बदला पैटर्न: एसएससी ने एमटीएस परीक्षा के पैटर्न में ऐतिहासिक बदलाव किया है। अब टियर-2 (डिस्क्रिप्टिव पेपर) को खत्म कर दिया गया है। चयन केवल कंप्यूटर आधारित परीक्षा (Session 1 + Session 2) के आधार पर होगा।
- सेशन 1: मैथ्स और रीजनिंग (कोई निगेटिव मार्किंग नहीं, सिर्फ क्वालिफाइंग)।
- सेशन 2: जीके और इंग्लिश (इसी के आधार पर मेरिट बनेगी और इसमें निगेटिव मार्किंग होगी)।
परीक्षा अब हिंदी और अंग्रेजी के अलावा 13 क्षेत्रीय भाषाओं में भी होगी। 10वीं पास युवाओं के लिए यह केंद्र सरकार में नौकरी पाने का सबसे आसान और सुनहरा अवसर है। परीक्षा अप्रैल 2023 में होने की संभावना है।