नई दिल्ली: कोविड और मंकीपॉक्स के बाद अब देश में एक और बीमारी 'टोमेटो फ्लू' (Tomato Flu) ने चिंता बढ़ा दी है। केरल, तमिलनाडु, ओडिशा और हरियाणा में बच्चों में इस बीमारी के मामले सामने आए हैं। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को एडवाइजरी जारी की है। इस बीमारी का नाम 'टोमेटो फ्लू' इसलिए पड़ा क्योंकि इसमें शरीर पर टमाटर के आकार के लाल फफोले (Blisters) पड़ जाते हैं।
यह बीमारी मुख्य रूप से 10 साल से कम उम्र के बच्चों को प्रभावित कर रही है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, जोड़ों में दर्द, शरीर पर लाल चकत्ते, थकान और डिहाइड्रेशन शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, यह 'हैंड, फुट एंड माउथ डिजीज' (HFMD) का ही एक रूप है और यह जानलेवा नहीं है, लेकिन बहुत संक्रामक है।
सरकार ने सलाह दी है कि संक्रमित बच्चों को 5-7 दिनों के लिए आइसोलेट रखा जाए और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। यह वायरस सीधे संपर्क, गंदे हाथों या संक्रमित खिलौनों को छूने से फैलता है। अभिभावकों को पैनिक न करने लेकिन सतर्क रहने की सलाह दी गई है।