टाउन्सविले (ऑस्ट्रेलिया): शेन वॉर्न के निधन के गम से क्रिकेट जगत अभी उबरा भी नहीं था कि एक और बुरी खबर आ गई। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स (Andrew Symonds) का 46 वर्ष की उम्र में एक कार दुर्घटना में निधन हो गया है। पुलिस के मुताबिक, क्वींसलैंड के टाउन्सविले में उनकी कार सड़क से उतरकर पलट गई। हादसे के वक्त वे कार में अकेले थे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
साइमंड्स 2003 और 2007 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के प्रमुख सदस्य थे। आईपीएल में वह डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके थे। हरभजन सिंह के साथ उनका 'मंकीगेट' विवाद काफी चर्चित रहा था, लेकिन बाद में दोनों अच्छे दोस्त बन गए थे। हरभजन ने ट्वीट किया, "यकीन नहीं हो रहा। एंड्रयू बहुत जल्दी चले गए।"
साइमंड्स अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, शानदार फील्डिंग और ऑफ-स्पिन व मीडियम पेस दोनों गेंदबाजी करने की क्षमता के लिए जाने जाते थे। 2022 ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बहुत दुखद साबित हो रहा है, जिसने कुछ ही महीनों में रॉड मार्श, शेन वॉर्न और अब साइमंड्स को खो दिया है।