मुंबई: विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' (The Kashmir Files) ने बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। बिना किसी बड़े स्टार, बिना गानों और कम प्रमोशन के रिलीज हुई यह फिल्म सिर्फ 'माउथ पब्लिसिटी' के दम पर करोड़ों की कमाई कर रही है। फिल्म में 1990 में कश्मीरी पंडितों के नरसंहार और पलायन की सच्ची घटनाओं को जिस बेबाकी से दिखाया गया है, उसने दर्शकों को अंदर तक झकझोर दिया है।
सिनेमाघरों में भावुक हुए दर्शक
सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें फिल्म खत्म होने के बाद दर्शक फूट-फूट कर रोते हुए और अनुपम खेर के पैर छूते हुए नजर आ रहे हैं। फिल्म ने पहले वीकेंड में ही 27 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर लिया है, जो ट्रेड पंडितों की उम्मीदों से कहीं ज्यादा है।
PM मोदी ने की तारीफ
फिल्म को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा संसदीय दल की बैठक में फिल्म की तारीफ करते हुए कहा, "ऐसी फिल्में बनती रहनी चाहिए ताकि सच सामने आ सके। जो लोग हमेशा अभिव्यक्ति की आजादी के झंडे लेकर घूमते थे, वो अब बौखलाए हुए हैं।" उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा समेत कई राज्यों ने इसे 'टैक्स फ्री' (Tax Free) घोषित कर दिया है।