लखनऊ: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में शामिल होने वाली नई लखनऊ फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक नाम की घोषणा कर दी है। संजीव गोयनका (RPSG Group) के स्वामित्व वाली यह टीम अब 'लखनऊ सुपर जायंट्स' (Lucknow Super Giants) के नाम से जानी जाएगी। टीम के मालिक संजीव गोयनका ने एक वीडियो संदेश के जरिए बताया कि यह नाम फैंस द्वारा भेजे गए सुझावों के आधार पर चुना गया है।
दिलचस्प बात यह है कि संजीव गोयनका के पास पहले 'राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स' (RPS) टीम थी, और नया नाम उसी से मिलता-जुलता है, शायद 'सुपर जायंट्स' टैग को वे अपने लिए लकी मानते हैं। टीम ने पहले ही स्टार बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) को 17 करोड़ रुपये में साइन करके अपना कप्तान बना लिया है, जो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके अलावा ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस और युवा लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को भी ड्राफ्ट किया गया है।
टीम का मेंटर पूर्व भारतीय ओपनर गौतम गंभीर को और हेड कोच एंडी फ्लावर को बनाया गया है। अब सभी की निगाहें फरवरी में होने वाले मेगा ऑक्शन पर टिकी हैं, जहां लखनऊ अपनी बाकी की टीम तैयार करेगी। नवाबों के शहर के क्रिकेट फैंस अपनी नई टीम को चीयर करने के लिए बेहद उत्साहित हैं।