सवाई माधोपुर (राजस्थान): बॉलीवुड की सबसे चर्चित और सीक्रेट वेडिंग आखिरकार संपन्न हो गई है। अभिनेता विक्की कौशल (Vicky Kaushal) और अभिनेत्री कैटरीना कैफ (Katrina Kaif) आज (9 दिसंबर) राजस्थान के सिक्स सेंसेस फोर्ट बड़वारा (Six Senses Fort Barwara) में शादी के बंधन में बंध गए। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए।
सब्यसाची के जोड़े में दिखीं कैटरीना
शादी के तुरंत बाद दोनों ने अपने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर कीं। कैटरीना कैफ लाल रंग के सब्यसाची लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं, जबकि विक्की कौशल ने ऑफ-व्हाइट शेरवानी पहनी थी। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "हमारे दिलों में केवल प्यार और कृतज्ञता है... हम इस नई यात्रा के लिए आप सभी का आशीर्वाद चाहते हैं।"
कड़ी सुरक्षा, नो-फोन पॉलिसी
इस शादी में सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम थे। मेहमानों को फोन इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं थी और वेन्यू के बाहर कोड वर्ड के जरिए एंट्री दी गई थी। शादी में कबीर खान, नेहा धूपिया, अंगद बेदी और गुरदास मान समेत करीब 120 खास मेहमान शामिल हुए। फैंस अब इस न्यूली वेड कपल के रिसेप्शन का इंतजार कर रहे हैं।