मुंबई: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) के बांद्रा स्थित आवास 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' के बाहर 14 अप्रैल की सुबह हुई गोलीबारी ने फिल्म इंडस्ट्री और सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है। सुबह करीब 5 बजे बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने अभिनेता के घर पर कई राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इसने भाईजान की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के कुछ घंटों बाद, जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) के भाई अनमोल बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली। उसने इसे "सिर्फ एक ट्रेलर" बताया और चेतावनी दी कि अगली बार गोलियां दीवारों पर नहीं चलेंगी। सलमान खान को पहले ही Y+ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है, जिसे अब और कड़ा कर दिया गया है।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सलमान खान से फोन पर बात की और उन्हें पूरी सुरक्षा का आश्वासन दिया। पूरा बॉलीवुड इस घटना के बाद सलमान के समर्थन में उतर आया है। फैंस अपने चहेते सितारे की सलामती की दुआ मांग रहे हैं।