सैन जोस (कैलिफोर्निया): सैमसंग (Samsung) ने अपनी फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज Galaxy S24 को लॉन्च कर दिया है, और इस बार पूरा फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी 'Galaxy AI' पर है। कंपनी ने तीन मॉडल—S24, S24 Plus और S24 Ultra पेश किए हैं। S24 Ultra में टाइटेनियम फ्रेम और फ्लैट डिस्प्ले दिया गया है, जो इसे और प्रीमियम बनाता है।
गैलेक्सी एआई के सबसे चर्चित फीचर्स में 'Live Translate' शामिल है, जो फोन कॉल के दौरान real-time में भाषा का अनुवाद कर सकता है। इसके अलावा 'Circle to Search' फीचर है, जिसमें आप स्क्रीन पर किसी भी चीज पर गोला बनाकर उसे गूगल पर सर्च कर सकते हैं। फोटो एडिटिंग में भी एआई का जबरदस्त इस्तेमाल किया गया है, जिससे आप फोटो से ऑब्जेक्ट्स को हटा या मूव कर सकते हैं।
सैमसंग ने 7 साल तक ओएस और सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है। भारत में S24 Ultra की कीमत 1,29,999 रुपये से शुरू होगी। यह सीरीज गूगल के पिक्सल और एप्पल के आईफोन को एआई रेस में कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है।