अहमदाबाद: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 का फाइनल मुकाबला क्रिकेट इतिहास के सबसे रोमांचक मैचों में से एक बन गया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस वर्षा बाधित मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट (DLS नियम) से हराकर 5वीं बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इसके साथ ही महेंद्र सिंह धोनी ने रोहित शर्मा के 5 खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
मैच का अंत किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं था। बारिश के कारण सीएसके को 15 ओवर में 171 रन का लक्ष्य मिला था। आखिरी ओवर में मोहित शर्मा की शानदार गेंदबाजी के चलते सीएसके को अंतिम 2 गेंदों पर जीत के लिए 10 रनों की जरूरत थी। स्ट्राइक पर थे रवींद्र जडेजा। सर जडेजा ने पांचवीं गेंद पर छक्का और आखिरी गेंद पर चौका जड़कर गुजरात के जबड़े से जीत छीन ली। जीत के बाद धोनी ने भावुक होकर जडेजा को गोद में उठा लिया, यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।
मैच के बाद धोनी ने अपने संन्यास की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा, "परिस्थितियों को देखते हुए संन्यास लेने का यह सबसे अच्छा समय है, लेकिन फैंस के प्यार को देखते हुए मैं कोशिश करूंगा कि अगले सीजन में एक बार फिर उनके लिए खेलूं।" गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने शानदार 96 रन बनाए थे, लेकिन जडेजा का कैमियो उन पर भारी पड़ा। शुभमन गिल ने ऑरेंज कैप और मोहम्मद शमी ने पर्पल कैप जीती।